|
|
सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में भक्तों की लंबी कतार लग रहीं हैं| उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए लोगों ने आधी रात से ही लंबी लाइन लगानी शुरू कर दी| इसके अलावा काशी विश्वनाथ में भी भक्तों का यही आलम रहा| महाकालेश्वर मंदिर में पहले सोमवार पर भगवान शिव की उपासना का विशेष आयोजन किया गया था| माना जाता है भगवान भोलेनाथ अपने भक्तों से बहुत जल्दी प्रसन्न होते हैं| यहां हम आपको बता रहे हैं भगवान भोलेनाथ की उपासना के कुछ ऐसे ही उपाय जिनसे आपकी मनोकामना पूरी होंगी|
रुद्राभिषेक कराएं:-
सावन माह में रुद्राभिषेक कराने का विशेष महत्व है| भगवान शिव को रुद्राभिषेक बहुत प्रिय है| इस पवित्र माह में आप परिवार सहित मंदिर में जाकर या घर पर ही रुद्राभिषेक कर सकते हैं| इससे भगवान भोलेनाथ प्रसन्न होंगे और उनकी कृपा आपके ऊपर बनी रहेगी| गन्ने के रस और गंगाजल को मिलाकर रुद्राभिषेक कराए तो और भी बेहतर होगा|
विवाह के लिए उपाय:-
संतान के विवाह में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए सावन के सभी सोमवार शिवलिंग पर केसर मिला हुआ दूध चढ़ाएं| इससे जल्द ही संतान की शादी का योग बनता है| प्रेम विवाह करने की इच्छा रखने वाले जातक भी इस उपाय को आजमा सकते हैं|
धन प्राप्ति के लिए उपाय:-
यदि आप धन की किल्लत का सामना कर रहे हैं तो सावन में बहते हुए जल में आटे की गोलियां मछलियों को खिलाएं| जब तक गोलियां मछलियों के लिए डालें तब तक मन ही मन में भगवान शिव का ध्यान करते रहें| इससे आपकी समस्या का समाधान होगा|
विरोधी परास्त होंगे:-
पूरे सावन माह में आप प्रात: काल स्नान करने के बाद शिवालय में जाकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर काले तिल और दही को अर्पित करें| यह आपके लिए अति उत्तम होगा और इससे आपके विरोधी परास्त होंगे|
परिवार में रहेगी संपन्नता:-
सावन में गरीबों को भोजन कराने और दान करने से परिवार में हमेशा संपन्नता बनी रहती है| सावन में मंदिर में फल व कपड़े आदि दान करने से आपके घर में हमेशा भगवान शिव की असीम कृपा बनी रहती है|
|