|
|
कुख्यात गैंगस्टर आनंदपाल सिंह के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद राजस्थान में बवाल मचा हुआ है| राजपूत समाज के लोग एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं| घटना की सीबीआई जांच की मांग करते हुए नागौर जिले में भारी संख्या में जमा हुए राजपूत समाज के लोगों की बुधवार को पुलिस से झड़प हो गई| भारी तनाव को देखते हुए वहां कर्फ्यू लगा दिया गया है और इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी गई है|
भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस की तरफ से की गई फायरिंग में एक की मौत हो गई| घटना में 20 पुलिसकर्मी घायल हो गए. हालांकि अभी तक 16 पुलिसकर्मियों के घायल होने की पुष्टि की गई है| मीडिया रिपोटर्स के मुताबिक सीबीआई जांच की मांग को लेकर करीब 50 हजार राजपूत जमा हुए थे| इस घटना के बाद इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है| खबर है कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मंत्रियों की आपात बैठक भी बुलाई है|
भीड़ का हंगामा शुरू होते ही मौके पर मौजूद राजपूत बिरादरी के कुछ लोगों ने पुलिस के वाहनों में आग लगा दी| घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल ने पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर लिया| हिंसा भड़कने की खबर के बाद सरकार ने नागौर में इंटरनेट और बिजली की सप्लाई बंद कर दी है|
प्रदर्शनकारियों ने डिडवाना के पास रेलवे ट्रैक से फिशप्लेट उखाड़ने की भी कोशिश की| गौरतलब है कि आनंदपाल की मौत के बाद से ही उसके गांव सांवराद में हजारों की संख्या में राजपूत समाज के लोग जुटे हैं| लोगों का कहना है कि पुलिस की तरफ से किया गया एनकाउंटर फर्जी है|
|