Visitors online: 002

फिक्स था वर्ल्ड कप 2011 का फाइनल: रणतुंगा, गंभीर ने कहा- बेबुनियाद हैं आरोप

Home » Headlines

पूर्व श्रीलंकाई कप्तान अर्जुन रणतुंगा ने भारत-श्रीलंका के बीच हुए 2011 वर्ल्ड कप फाइनल के फिक्स होने के आरोप लगाए हैं। रणतुंगा ने भारत के हाथों श्रीलंका को मिली हार की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि वे मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस फाइनल में श्रीलंका की हार से हैरान थे। उधर, गौतम गंभीर ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया। वहीं, आशीष नेहरा ने कहा कि ऐसे आरोप से निराशा होती है। बता दें कि इस मैच में भारत ने श्रीलंका को 6 विकेट से हरा दिया था।
 
53 वर्षीय पूर्व कप्तान ने फेसबुक पर सिंहली भाषा में एक विडियो पोस्ट किया। इसमें कहा- "मैं भी तब कमेंट्री करने के लिए भारत में ही था, जिस तरह से श्रीलंका हारी उस पर भरोसा करना मुश्किल था। उस वक्त श्रीलंका के परफॉर्मेंस की जांच होनी चाहिए। मैं अभी सब कुछ तो नहीं बता सकता, पर एक दिन जरूर बताऊंगा। टीम के प्लेयर्स भी अपनी व्हाइट जर्सी से इस गंदगी को नहीं छिपा सकते।"
 
रणतुंगा ने कहा, "श्रीलंका ने फाइनल में पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवर में 6 विकेट पर 274 रन बनाए थे। इसके बाद जवाब में उतरी भारतीय टीम के सचिन को भी 18 रन पर आउट कर दिया था। वीरेंद्र सहवाग जीरो रन पर जल्द आउट हो गए थे। इसके बाद भी भारत ने मैच अपने फेवर में कर लिया था। इसकी वजह श्रीलंका की खराब बॉलिंग और फील्डिंग।" गौतम गंभीर (97) और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (नाबाद 91) की बेहतरीन पारियों की मदद से भारत ने टारगेट हासिल कर लिया था। भारत ने 48.2 ओवर में चार विकेट खोकर 277 रन बनाए थे।
 
श्रीलंका की इस हार पर श्रीलंकाई मीडिया ने भी सवाल उठाए थे। प्लेयर्स को शक के घेरे में रखा था। पर ये पहला मौका जब एक पूर्व प्लेयर ने जांच की मांग की है। रणतुंगा के स्पोक्सपर्सन तामिरा मंजू ने कहा कि वह देश में क्रिकेट की खराब हालात को लेकर राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना और प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे को भी पत्र लिखेंगे। 2011 वर्ल्ड कप फाइनल में शानदार बल्लेबाजी करने वाले गौतम गंभीर ने इन खबरों को बेबुनियाद बताया है। गंभीर ने कहा- "मैं रणतुंगा के आरोपों से हैरान हूं। इंटरनेशनल क्रिकेट के बहुत ही सम्मानीय खिलाड़ी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मैं मानता हूं कि उन्हें सबूत के साथ अपने दावे को लोगों के सामने रखना चाहिए।" उधर, आशीष नेहरा ने कहा‌ - "इस तरह के आरोपों को ज्यादा तूल नहीं देना चाहिए। मैं अपनी बात रखकर रणतुंगा की बात को आगे बढ़ाना नहीं चाहता हूं। इस तरह की बातों का कोई अंत नहीं है। अगर मैं श्री लंका के 1996 विश्व कप जीत पर सवाल खड़े करूं तो क्या यह अच्छा लगेगा? हमें इस बात में नहीं पड़ना चाहिए। लेकिन जब उनके कद का कोई व्यक्ति ऐसी बात करता है तो निराशा होती है।" इस बीच, हरभजन सिंह ने रणतुंगा के आरोपों पर कुछ भी कहने से मना कर दिया।
 


न्यूज़पेपर में दिया गया जॉब कोड दिए गए    Textbox में दर्ज करे और जॉब सर्च करे



Quick Links