|
|
एनडीए उम्मीदवार वेंकैया नायडू मंगलवार को उपराष्ट्रपति पद के लिए नामांकन करेंगे| सोमवार शाम के समय बीजेपी संसदीय बोर्ड की बैठक में नायडू के नाम पर मुहर लगाई गई थी| उपराष्ट्रपति पद के लिए राजग उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद वेंकैया नायडू ने सोमवार शाम को ही केंद्रीय मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया|
नायडू की तरफ से नामांकन के दो सेट में दाखिल किया जाएगा| पहले सेट में प्रस्तावक के तौर पर प्रधानमंत्री मोदी और अनुमोदक गृहमंत्री राजनाथ सिंह के हस्ताक्षर होंगे| वहीं दूसरे सेट में प्रस्तावक के तौर पर वित्त मंत्री अरुण जेटली और अनुमोदक विदेश मंत्री सुषमा स्वराज होंगी| गौरतलब है कि उपराष्ट्रपति पद के लिए नामांकन भरने का मंगलवार को आखिरी दिन है| वेंकैया नायडू ने केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है| नायडू केंद्रीय मंत्रिमंडल में आवास और शहरी गरीबी उन्मूलन मंत्रालय, सूचना और प्रसारण मंत्रालय और शहरी विकास मंत्रालय की कमान थी|
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि संसदीय बोर्ड के सभी सदस्यों और सहयोगी दलों से चर्चा करने के बाद वेंकैया नायडू को उपराष्ट्रपति पद का प्रत्याशी बनाने का निर्णय किया गया| पीएम मोदी ने भी ट्वीट कर नायडू को उपराष्ट्रपति पद के लिए सबसे योग्य उम्मीदवार बताया|
दूसरी तरफ राष्ट्रपति पद के लिए विपक्ष के उम्मीदवार गोपाल कृष्ण गांधी भी मंगलवार को ही नामांकन करेंगे| गांधी के नाम पर शिवसेना ने सोमवार को कहा था कि आतंकी याकूब मेमन को सपोर्ट करने वाला व्यक्ति उपराष्ट्रपति नहीं बनना चाहिए| शिवसेना नेता संजय राउत ने ट्वीट कर कहा है कि गोपाल कृष्ण गांधी ने मुंबई बम धमाकों के दोषी याकूब मेमन की पैरवी की थी|
|