Visitors online: 002

जानिए, सुपरकॉप डी रूपा को, कभी उमा भारती को गिरफ्तार करने निकल पड़ी थीं

Home » Headlines

एआईएडीएमके की नेता शशिकला को जेल में मिल रही वीआईपी सुविधाओं का खुलासा करने वाली बेंगलुरु की डीआईजी (जेल) डी. रूपा का तबादला कर दिया गया है| उन्हें अब ट्रैफिक विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है| रूपा से जेल विभाग के डिप्टी आईजी की जिम्मेदारी लेकर ट्रैफिक और रोड सेफ्टी विभाग में कमिश्नर का चार्ज दे दिया गया है| रूपा के बॉस एचएन सत्यनारायण राव की भी डीजीपी (जेल) पद से छुट्टी दे दी गई है| रूपा ने अपनी रिपोर्ट को लेकर अपने बॉस सत्यनारायण राव से उलझी भी थीं|
 
राव को 12 जुलाई को सौंपे गए एक रिपोर्ट में रूपा ने कहा था कि ऐसी बातें हो रही हैं कि शशिकला को विशेष सुविधाएं देने के बदले दो करोड़ रुपये दिए गए और उनके (राव) खिलाफ भी आरोप हैं| रूपा ने यह भी कहा था कि जेल नियमों का उल्लंघन करते हुए शशिकला के लिए वहां एक विशेष रसोईघर भी काम कर रहा है|
 
राव ने आरोपों को खारिज करते हुए इसे पूरी तरह गलत, बेबुनियाद और अविवेचित बताया और कहा कि वह अपनी कनिष्ठ अधिकारी (रूपा) के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे| दोनों अधिकारियों के बीच सार्वजनिक बहस शुरू होने के साथ मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने आरोपों को लेकर एक सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी द्वारा उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए| साथ ही मामले से शर्मसार हुई राज्य की कांग्रेस सरकार ने रूपा को कानूनी नोटिस भेजकर अपने इस आचरण को लेकर स्पष्टीकरण देने को कहा|
 
दरअसल, कर्नाटक जेल मैनुएल के मुताबिक विचाराधीन कैदी सप्‍ताह में दो बार अपने वकीलों या जान पहचान और रिश्तेदारों से मिल सकता है जबकि सजा काट रहा कैदी 15 दिन में दो बार ही मिल सकता है|
 
डी. रूपा कौन हैं?
 
पुलिस बल में अपने ईमानदार रवैये के चलते रूपा की काफी प्रशंसा होती है| 2000 में आईपीएस अधिकारी बनीं रूपा ने यूपीएससी में 43वां स्थान हासिल किया था| जबकि प्रशिक्षण के दौरान अपने बैच में वह पांचवें स्थान पर रहीं| यही नहीं, रूपा अपने बैच की अकेली अधिकारी रहीं जिन्हें कर्नाटक कैडर मिला| एनपीएस हैदराबाद में प्रशिक्षणप्राप्त रूपा शार्पशूटर भी हैं और शूटिंग में उन्होंने कई पदक जीते हैं| इस सुपरकॉप को उनकी सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रपति के पुलिस पदक से भी नवाजा गया है| रूपा भरतनाट्यम की डांसर होने के साथ-साथ शास्त्रीय हिंदुस्तानी संगीत में भी पारंगत हैं|
 
उमा भारती को गिरफ्तार करने की मिली थी जिम्मेदारी
 
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक दंगे के एक मामले में कोर्ट के आदेश पर रूपा को एक बार मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री उमा भारती को गिरफ्तार करने की जिम्मेदारी दी गयी थी| इसके अलावा रूपा ने एक बार नेताओं और वीवीआईपी की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को हटा लिया था| उनकी इस कार्रवाई ने काफी सुर्खियां बटोरी| रूपा समय-समय पर अपनी ही व्यवस्था से टकराव मोल लेती रही हैं और उनके इस स्वभाव के कारण लोग उन्हें सुपरकॉप भी बुलाते हैं|
 


न्यूज़पेपर में दिया गया जॉब कोड दिए गए    Textbox में दर्ज करे और जॉब सर्च करे



Quick Links