|
|
फिल्मकार प्रतीक शर्मा ने अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म टॉयलेट : एक प्रेम कथा की पंच लाइन और विषय पर आपत्ति जताते हुए अदालत का रुख किया है| प्रतीक का कहना है कि यह पंचलाइन और विषय उनकी फिल्म गुटरुं गुटर गूं से लिया गया है| इस मामले में प्रतीक ने प्लान सी स्टूडियोज के खिलाफ कॉपीराइट के उल्लंघन का मामला दर्ज किया है|
इसके अलावा सात जुलाई को वॉयकॉम-18 के खिलाफ भी जयपुर मेट्रोपॉलिटन अदालत में मामला दर्ज किया गया था| अदालत ने इस मामले में नोटिस जारी करते हुए 22 जुलाई तक जवाब मांगा है| टॉयलेट : एक प्रेम कथा के निर्माताओं से जब सम्पर्क कर इस संदर्भ में प्रतिक्रिया मांगने की कोशिश की गई, तो उन्होंने किसी प्रकार के कमेंट्स करने से इनकार कर दिया|
प्रतीक ने कहा, प्लान सी ने इसका निर्माण किया है और वॉयकॉम-18 निर्माता और प्रस्तोता के तौर पर काम कर रहा है| मेरी फिल्म में एक लाइन है जिसमें औरत शादी करके घर आती है और उसको टॉयलेट नहीं मिलता, बवाल होता है और अंत में पति उसको टॉयलेट बना कर देता है| इस पंक्ति के कारण वितरकों ने मुझे कहा कि टॉयलेट : एक प्रेम कथा मेरी फिल्म की तरह ही है|
प्रतीक ने गुटरुं गुटर गूं 2015 में बनाकर पूरी की थी| प्रतीक ने कहा कि उनके पास केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड की ओर से उनकी फिल्म को रिलीज करने का प्रमाण पत्र है, लेकिन वितरण के लिए पैसों की कमी के कारण वह ऐसा नहीं कर पा रहे हैं| फिल्मकार प्रतीक ने कहा कि घरों में शौचालयों की कमी को दर्शाने वाली उनकी इस फिल्म को सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को दिखाया जा चुका है|
इसके अलावा, इस फिल्म को दिल्ली अंतरराष्ट्रीय फिल्मोत्सव, भारतीय फिल्मोत्सव मेलबर्न और राजस्थान अंतरराष्ट्रीय फिल्मोत्सव जैसे महोत्सवों में भी भेजा गया है| दो साल तक संघर्ष के बाद उनकी टीम फिल्म इस साल 28 जुलाई को फिल्म को रिलीज करने के लिए तैयार है, लेकिन अब वितरकों ने यह कहकर हाथ पीछे खींच लिए हैं कि यह फिल्म टॉयलेट : एक प्रेम कथा की तरह ही है| प्रतीक ने कहा कि उन्हें आशा है कि अदालत उनके साथ न्याय करेगी| उन्हें कानून पर भरोसा है|
बता दें कि स्वच्छ भारत अभियान के समर्थन में अक्षय कुमार ने बड़े पर्दे पर अपनी अलग मुहिम इस फिल्म के जरिए छेड़ी है| टॉयलेट: एक प्रेम कथा में केशव और जया यानि अक्षय कुमार के साथ भूमि पेडनेकर की जोड़ी है| दोनों की शादी होती है और फिर ससुराल में आई नई दुल्हन का खुले में शौच जाने को लेकर होने वाली दिक्कत| अक्षय कुमार की ये फिल्म 11 अगस्त को रिलीज होगी| टॉयलेट एक प्रेम कथा को लेकर अक्षय कुमार पिछले दिनों काफी एक्टिव रहे हैं|
|