|
|
बीसीसीआई ने नए मुख्य कोच रवि शास्त्री को वेतन के रूप में बड़ी राशि देने का फैसला किया है| यह रकम सालाना आठ करोड़ रुपए तक हो सकती है| ऐसा पता चला है कि बीसीसीआई के आला अधिकारियों में शास्त्री के वेतन को लेकर अपने फैसले में सर्वसम्मति थी| शास्त्री का वेतन पूर्व कोच अनिल कुंबले के वेतन से कम से कम एक करोड़ रुपए अधिक होगा| कुंबले को साढ़े छह करोड़ रुपए वेतन के तौर पर मिलते थे| तीन अन्य कोच- भरत अरुण, आर श्रीधर और संजय बांगर को दो से तीन करोड़ रुपए के बीच मिलने का अनुमान है| दिलचस्प बात है कि कुंबले ने अपना वेतन बढ़ाकर उतना ही करने की मांग की थी, जितना शास्त्री को मिलेगा|
गौरतलब है कि अनिल कुंबले ने कोच को 7-7.5 करोड़ की सैलरी दिए जाने का प्रस्ताव बीसीसीआई के सामने रखा था| इस तरह से बीसीसीआई ने कुंबले की मांग से थोड़ा अधिक वेतन ऑफर किया है| अनिल कुंबले ने कुछ समय पहले ही खिलाड़ियों, हेड कोच और स्पोर्टिंग स्टाफ के वेतन बढ़ने को लेकर बीसीसीआई के अधिकारीयों से मुलाकात की थी| इस मुद्दे पर टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली भी कुंबले के साथ खड़े थे| कुंबले A ग्रेड के खिलाड़ियों के वेतन में 150% इज़ाफे की मांग कर रहे थे| इसके अलावा कुंबले कप्तानी का अतिरिक्त बोझ लेने वाले विराट कोहली के लिए 25% अतिरिक्त कप्तानी फीस और साथ ही टीम के मुख्य कोच होने के नाते चयन समिति में जगह की भी मांग की थी|
इससे पहले शास्त्री जब टीम इंडिया के डायरेक्टर थे, तब भी उन्हें 7 से 7.5 करोड़ रुपए का ही भुगतान किया जाता था| इसमें शास्त्री की वह मुआवजा रकम भी शामिल थी, जो उन्हें उनके मीडिया कमिटमेंट्स से हटने के बदले मिलती थी|
|