|
|
राम मंदिर निर्माण के लिए सुलह की कोशिश में जुटे आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्रीश्री रविशंकर आज अयोध्या दौरे पर हैं| श्रीश्री आज अयोध्या में साधु-संतों से मिलेंगे| अपने इस अहम दौरे के तहत आध्यात्मिक गुरु अयोध्या विवाद से जुड़े सभी पक्षकारों से मिलकर सुलह की योजना साझा करेंगे| इसके अलावा वह मुस्लिम समाज से भी मुलाकात करेंगे| वह मंत्री मोहसिन रजा से भी मुलाकात करेंगे|
इससे पहले बुधवार को श्रीश्री रविशंकर ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी| यह मुलाकात योगी के सरकारी आवास 5 कालीदास मार्ग पर हुई, जिसे काफी अहम माना जा रहा है| मुलाकात के दौरान अयोध्या में राम मंदिर मुद्दे पर चर्चा की गई| मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद श्रीश्री पंडित अमरनाथ मिश्र के आवास पर मुस्लिम संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करने चले गए, वहां उन्होंने कुछ मुस्लिम संगठनों से मुलाकात की| गौरतलब है कि अमरनाथ मिश्र रामजन्मभूमि न्यास परिषद के महामंत्री हैं|
आध्यात्मिक गुरु ने बुधवार को कहा था कि मध्यस्थता करने वाले कोई प्रस्ताव लेकर नहीं जाते हैं और अभी सभी पक्षों से खुले दिल से बातचीत हो रही है| उन्होंने कहा कि अयोध्या में वे सभी साधु-संतों से मिलेंगे| सुलह के फार्मूले को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश है कि सौहार्द्र कायम हो| अभी सुन्नी वक्फ बोर्ड से बात नहीं हुई है|
अयोध्या मामले पर उन्होंने कहा, मैं एकता चाहता हूं, मैं सौहार्द चाहता हूं, मुझे उम्मीद है कि मैं निराश नहीं होऊंगा, कोई भी सौहार्द का विरोध नहीं करता है| यह अभी एक शुरुआत भर है, हम सबसे मिलेंगे और बात करेंगे| इससे पहले श्रीश्री से मिलने आए रसिक पीठाधीश्वर महंत जनमेजय शरण ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय में सुनवाई से पहले अयोध्या विवाद सुलझाने का पूरा प्रयास हो रहा है| यहां चक्रपाणि महाराज भी उनसे मिलने के लिए पहुंचे थे| वहीं, आर्ट ऑफ लिविंग के प्रवक्ता गौतम विज ने पत्रकारों से कहा कि अभी कोई फार्मूला श्रीश्री रविशंकर ने पेश नहीं किया है| अभी सभी संबंधित पक्षों से बातचीत हो रही है|
|