|
|
आज से हैदराबाद में तीन दिन के वैश्विक उद्यमिता शिखर सम्मेलन (GES) शुरू हो रहा है| इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे| जीईएस में शिरकत करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की बेटी और सलाहकार इवांका ट्रंप हैदराबाद पहुंच चुकी हैं| उनके अलावा दुनियाभर के बिजनेस टायकून इसमें शिरकत कर रहे हैं| सम्मेलन में 127 देशों के 1,200 से ज्यादा युवा उद्यमी हिस्सा ले रहे हैं| इस साल सम्मेलन का विषय "वूमेन फर्स्ट, प्रॉस्पेरिटी फॉर ऑल" है|
इवांका सम्मेलन में ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और उद्यमियों के एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रही हैं| इवांका के साथ प्रतिनिधिमंडल में कई बड़े प्रशासनिक अधिकारी और कारोबार जगत के दिग्गज शामिल हैं| बताया गया है कि इवांका के साथ करीब 350 अधिकारी और कारोबारियों का दल हैदराबाद पहुंच चुका है| 36 साल की इवांका पहले भी भारत आ चुकी हैं लेकिन राष्ट्रपति की वरिष्ठ सलाहकार के तौर पर वह पहली बार भारत का दौरा कर रही हैं| इवांका ने अपनी भारत यात्रा से पहले कहा, "यह दोनों देशों के लोगों की गहरी दोस्ती और हमारी बढ़ती आर्थिक एवं सुरक्षा भागीदारी का प्रतीक है|" प्रधानमंत्री मोदी ने इस साल जून में अपनी अमेरिका की यात्रा के दौरान इवांका को जीईएस में हिस्सा लेने के लिए व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया था|
|