Visitors online: 002

सपा प्रमुख मुलायम सिंह बोले- शिवपाल बने रहेंगे प्रदेश अध्‍यक्ष, जल्द सब ठीक हो जाएगा

Home » Headlines

समाजवादी पार्टी और यादव परिवार में जारी तकरार खुलकर सामने आने के बीच पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने गुरुवार को कहा कि अखिलेश और शिवपाल के बीच कोई मतभेद नहीं है। कोई विवाद नहीं है। मैंने सबसे मुलाकात कर ली है और मिलकर सारी बात जान ली है। शिवपाल यूपी प्रदेश अध्‍यक्ष बने रहेंगे। बताया जा रहा है कि मुलायम ने शिवपाल की नाराजगी दूर करने की पूरी कोशि‍श की है।

सपा प्रमुख ने भरोसा जताया है कि पार्टी में जल्द सब ठीक हो जाएगा। उनका कहना है कि इससे पहले भी कई बार ऐसा हुआ है, पर उन्होंने सब से बातकर मामले को सुलझाया है। इस बार भी सब ठीक कर दूंगा।

दिल्‍ली से आज लखनऊ के लिए रवाना होते समय मुलायम ने कहा कि अखिलेश ने सभी फैसले हमसे पूछकर लिए। मैं अब लखनऊ में मीटिंग करूंगा। शिवपाल यादव संगठन संभालेंगे, उन्हें यूपी का अध्यक्ष बना दिया है। मुलायम ने कहा कि वे लखनऊ जाकर इस बारे में मीडिया से बात करेंगे। समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव अपने बेटे और मुख्यमंत्री अखिलेश और भाई शिवपाल के बीच उपजे विवाद के बीच पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मिलने के लिए आज लखनऊ रवाना हो गए।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि मुलायम शुक्रवार सुबह उत्तर प्रदेश की राजधानी जाने वाले थे लेकिन उन्होंने खुद आज सुबह ही वहां जाने का निर्णय लिया। पार्टी के महासचिव रामगोपाल यादव ने आज बताया कि विवाद को समाप्त करने के लिए मुलायम अखिलेश से मुलाकात करेंगे। लखनऊ में अखिलेश से मुलाकात के बाद रामगोपाल ने कहा कि एक बार नेताजी (मुलायम) और मुख्यमंत्री के बीच बातचीत होगी तो सब कुछ ठीक हो जाएगा, वह लखनऊ आ रहे हैं। कल मुलायम ने शिवपाल का पक्ष जानने के लिए उनसे चार घंटा बातचीत की।

हालांकि, सूत्रों ने बताया कि अखिलेश और शिवपाल दोनों अपने रुख पर कायम हैं। सपा प्रमुख यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे कि अगले साल की शुरूआत में होने वाले विधानसभा चुनाव में अब जबकि कुछ ही महीने शेष हैं तो उसके पहले उन दोनों के बीच वैमनस्य कम हो जाए ताकि पार्टी और सरकार इस विवाद से बाहर आ सकें।

13 सितंबर को एक खुले संघर्ष में मुख्यमंत्री ने अपने चाचा और कैबिनेट मंत्री शिवपाल से महत्वपूर्ण मंत्रालय ले लिये। इसके कुछ ही घंटों के बाद मुलायम ने अखिलेश के स्थान पर शिवपाल को पार्टी की राज्य इकाई का प्रमुख बना दिया था।


न्यूज़पेपर में दिया गया जॉब कोड दिए गए    Textbox में दर्ज करे और जॉब सर्च करे



Quick Links