Visitors online: 003

सपनों का भारत बनाने को PM मोदी ने जनता से मांगे 50 दिन, भ्रष्टाचार विरोधी अभियान जारी रखने का दिया भरोसा

Home » Headlines

आक्रामकता के साथ भावुकता जाहिर करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 500 और 1000 रूपए के पुराने नोटों की बंदी के मुद्दे पर आज विपक्ष को आड़े हाथ लिया और वादा किया कि भविष्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ और कदम उठाए जाएंगे, भले ही मुझे जिंदा जला दिया जाए। 
 
लोगों को धैर्य रखने की सलाह देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, यदि आपको मेरी मंशा या मेरी कार्रवाई में कुछ भी गलत लगे तो मुझे सरेआम लटका दीजिए। मैं आपसे वादा करता हूं कि आपको आपके सपनों का भारत दूंगा। यदि किसी को कोई दिक्कत होती है तो मुझे भी दर्द होता है। मैं उनकी समस्या समझता हूं लेकिन यह सिर्फ 50 दिनों के लिए है और 50 दिनों बाद हम इस सफाई में कामयाब हो जाएंगे।
 
विपक्ष, खासकर कांग्रेस पर सीधा निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बड़े-बड़े घोटालों में शामिल लोग अब 4000 रूपए के नोट बदलवाने के लिए कतार में खड़े हैं। पणजी में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कभी भावुक तो कभी आक्रामक अंदाज में पीएम मोदी ने कहा, उन्होंने सोचा कि यदि वे मेरे बाल खींचेंगे तो मैं रूक जाऊंगा और कुछ नहीं करूंगा। मैं ये चीजें करना बंद नहीं करूंगा, भले ही आप मुझे जिंदा जला दें। 
 
मोदी ने कहा कि वह अपने कदमों के नतीजे भुगतने के लिए तैयार हैं, क्योंकि चंद ताकतें मेरे खिलाफ हो गई हैं और ऐसा इसलिए है क्योंकि उनकी 70 साल की लूट अब मुश्किल में है। प्रधानमंत्री ने कहा, मैं जानता हूं कि कुछ ताकतें मेरे खिलाफ हैं, वे मुझे जिंदा नहीं छोडेंगी, वे मुझे बर्बाद कर सकती हैं, क्योंकि उनकी 70 साल की लूट मुश्किल में है, लेकिन मैं तैयार हूं। 
 
उन्होंने कहा, मेरे प्यारे देशवासियों, मैंने अपना सब कुछ छोड़ दिया...अपना घर, अपना परिवार। इस देश के लिए मैंने अपना सब कुछ छोड़ दिया। मोदी ने कहा, यह सरकार ईमानदार लोगों को परेशान करना नहीं चाहती लेकिन बेईमानों को छोड़ना भी नहीं चाहती। मेरे साथ 50 दिन धैर्य रखें। भारत को लूटा गया है कि नहीं? मैं इतने पर ही नहीं रूकने वाला। मैं आजादी के बाद के 70 साल के भ्रष्टाचार के इतिहास का पर्दाफाश करूंगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि मौजूदा नोटबंदी से ही भ्रष्टाचार के खिलाफ युद्ध नहीं खत्म होने वाला और अब बेनामी संपत्ति रखने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। 
 
गोवा के पणजी, कर्नाटक के बेलगावी और महाराष्ट्र के बारामती में सभाओं को संबोधित करते हुए कहा, यह नोटबंदी अंत नहीं है। भारत को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए मेरे दिमाग में कई परियोजनाएं हैं। हम बेनामी संपत्ति के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। भ्रष्टाचार और काले धन को खत्म करने के लिए यह एक बड़ा कदम है। यदि भारत में कोई धन लूटा गया और भारत से बाहर ले जाया गया तो इसका पता लगाना हमारा कर्तव्य है। 
 
संभवत: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा, कोयला घोटाला, 2जी घोटाला और अन्य घोटालों में शामिल रहे लोगों को अब 4000 रूपए बदलवाने के लिए कतार में खड़ा होना पड़ रहा है। मोदी ने कहा, जब कांग्रेस ने 25 पैसे बंद किए थे, हमने कुछ कहा था? आप केवल 25 पैसे को बंद करने की हिम्मत कर सकते थे, आपकी ताकत उतनी ही थी। लेकिन आपने बड़े मूल्य के नोटों को अवैध नहीं किया हमने किया। लोगों ने एक सरकार चुनी और वह उससे काफी उम्मीद करते हैं।
 
मोदी ने कहा कि लोगों ने 2014 में भ्रष्टाचार के खिलाफ वोट दिया था और उस वक्त उन्होंने देश की अगुवाई के लिए उन्हें चुना। उन्होंने कहा, मैं वही कर रहा हूं जो मुझे इस देश के लोगों ने करने के लिए कहा। यह मेरी पहली कैबिनेट से ही जाहिर हो गया था जब मैंने काले धन पर एसआईटी बनाई थी। हमने कभी भी लोगों को अंधेरे में नहीं रखा। 
 
मोदी ने कहा, सत्ता पर काबिज होने के तुरंत बाद उच्चतम न्यायालय की निगरानी में एक एसआईटी का गठन किया गया ताकि देश के बाहर रखे काले धन की जांच की जा सके। पिछली सरकारों ने इसकी अनदेखी की। क्या मैंने कुछ छुपाया? हमने भ्रष्टाचार की समस्या को मात देने के लिए ईमानदार नागरिकों की मदद के लिए अहम कदम उठाया। 
 
जन धन योजना का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, माफी योजना के तहत हमने 67,000 करोड़ रूपए वसूले। लेकिन पिछले दो साल में, छापों, सर्वेक्षणों एवं घोषणाओं के जरिए सरकार ने अपने खजाने में 1,25,000 करोड़ रूपए जमा किए हैं। सत्ता में आने के बाद से ही मैं देश की आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए थोड़ी-थोड़ी दवाएं देता रहा हूं। 
 
नोटबंदी से पहले की कोशिशों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह ऐसा खुफिया ऑपरेशन था जिसे मैंने 10 महीने पहले शुरू किया और एक छोटी टीम बना रखी थी। लेन-देन में नगद का इस्तेमाल नहीं करने पर जोर देते हुए मोदी ने कहा, नगदमुक्त समाज की बातें होती हैं और हमें प्लास्टिक मनी की ओर रूख करना चाहिए। लिहाजा, हमने बजट में डेबिट और क्रेडिट कार्डों से सभी कर हटा लिए थे। 


न्यूज़पेपर में दिया गया जॉब कोड दिए गए    Textbox में दर्ज करे और जॉब सर्च करे



Quick Links