Visitors online: 003

पेटीएम के जरिए क्रेडिट, डेबिट कार्ड से भुगतान ले सकेंगे दुकानदार

Home » Headlines

डिजिटल भुगतान कंपनी पेटीएम से जुड़े दुकानदार अब क्रेडिट व डेबिट कार्ड के जरिए भी भुगतान ले सकेंगे। कंपनी ने इसके लिए अपने एप का नया उन्नत संस्करण पेश किया है। कंपनी का कहना है कि यह एप विशेषकर उन छोटे दुकानदारों के लिए उपयोगी होगा जिनके यहां कार्ड इस्तेमाल की मशीनें नहीं हैं। इससे ये सुनिश्चित होगा कि मौजूदा नकदी संकट से उन्हें कोई कारोबारी नुकसान नहीं हो।
 
पेटीएम के संस्थापक, सीईओ विजय शेखर शर्मा ने एप का अद्यतन संस्करण पेश करते हुए कहा, "पेटीएम ने अपने एप को अद्यतन करते हुए भारत का पहला एप पीओएस पेश किया है। इससे डिजिटल भुगतान का प्रजातंत्रीकरण होगा। इससे स्मार्टफोन व मोबाइल इंटरनेट की सुविधा रखने वाला कोई भी छोटा दुकानदार ग्राहकों से डेबिट व क्रेडिट कार्ड के जरिए भुगतान ले सकता है।" एप्प में नयी सुविधा का ब्यौरा देते हुए पेटीएम ने कहा है कि "भुगतान स्वीकारें" आयकन के तहत छोटे दुकानदार व कारोबारी अपने ब्यौरे की स्वघोषणा कर सकते हैं और बैंक खाते की जानकारी दे सकते हैं। इस पर वे फिलहाल 50,000 रुपये प्रति माह तक का भुगतान हासिल कर सकते हैं।"
 
इसके तहत दुकानदार बेचे गए सामान का बिल तैयार कर फोन ग्राहक को सौंपेगा जो कि अपने कार्ड का ब्यौरा डालेगा। ग्राहक द्वारा दिया गया ब्यौरा एप पर नहीं बल्कि बैंक की बेबसाइट पर जाएगा जिससे उक्त सारी प्रक्रिया सुरक्षित रहेगी। पेटीएम 31 दिसंबर तक इसमें लेनदने के लिए कोई शुल्क नहीं लेगी। पेटीएम ने यह कदम ऐसे समय में उठाया है जबकि सरकार के नोटबंदी के कदम के कारण देश भर में नकदी की कमी देखने को मिल रही है। सरकार ने 500 व 1000 रुपये के मौजूदा नोटों को 8 नवंबर को चलन से बाहर कर दिया। इसके बाद से पेटीएम सहित अन्य मोबाइल वालेट कंपनियों के जरिए लेनदेन कई गुना बढा है।


न्यूज़पेपर में दिया गया जॉब कोड दिए गए    Textbox में दर्ज करे और जॉब सर्च करे



Quick Links