|
|
इसी महीने शादी के बंधन में बंधने जा रहे क्रिकेटर युवराज सिंह की शादी में उनके पिता योगराज सिंह मौजूद नहीं रहेंगे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह ने कहा है कि अपने बड़े बेटे की शादी में मौजूद नहीं रह पाना उनका दुर्भाग्य है।
उन्होंने कहा, "यह शादी पंजाब के डेरे में आयोजित हो रही है इस कारण मैं इसमे मौजूद नहीं हो सकता। मैंने युवराज की मां को पहले ही बता दिया था कि यदि इस शादी में कोई डेरा या धार्मिक गुरु जुड़ेंगे, तो मैं इसमें भाग नहीं लूंगा। क्योंकि मैं सिर्फ भगवान में विश्वास करता हूं धार्मिक गुरुओं में नहीं।"
गौर हो कि पूर्व क्रिकेटर और पंजाबी एक्टर योगराज सिंह के बेटे युवराज सिंह, मॉडल और फिल्म ऐक्टर हेजल कीच संग 30 नवंबर को शादी के बंधन में बंधेंगे। युवराज और हेजल की शादी चंड़ीगढ़ से 40 किलोमीटर दूर फतेहगढ़ साहिब गुरुद्वारा में आयोजित होगी। युवराज और हेजल ने पिछले साल 11 नवंबर को बाली में सगाई की थी।
क्रिकेटर युवराज सिंह और माडल से अभिनेत्री बनी हेजल कीच ने 30 नवंबर को शादी की तैयारी कर ली है जिसके लिए यहां दुफेरा गांव में पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं जहां ये जोड़ी डेरा प्रमुख बाबा राम रहीम से आशीर्वाद लेगी। हेजल अपनी शादी के दिन दूसरी बार फतेहगढ़ साहिब में सरहिंद-चंडीगढ़ मार्ग पर स्थिति डेरा जाएंगी। इससे पहले युवराज और वह सगाई के बाद डेरा गए थे। डेरा में विवाह सिख रीति रिवाजों के अनुसार होगा और इस जोड़ी के आनंद कारज समारोह में केवल करीबी मित्र और परिवार के सदस्य हिस्सा लेंगे। युवराज की मां शबनम सिंह बाबा राम रहीम की भक्त हैं जो उनके धार्मिक गुरू हैं।
|