Visitors online: 003

तमिलनाडु की मुख्‍यमंत्री जयललिता को पड़ा दिल का दौरा, हालत गंभीर; अस्‍पताल के बाहर समर्थकों की भारी भीड़, प्रशासन अलर्ट

Home » Headlines

तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता को दिल का दौरा पड़ने के बाद उनकी हालत फिलहाल गंभीर बताई जा रही है। चेन्‍नई के अपोलो अस्‍तपाल के क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) में उनका इलाज जारी है। फिलहाल जयललिता को अस्‍पताल में ईसीएमओ सपोर्ट पर रखा गया है।
 
अपोलो अस्‍पताल के बाहर कल रात से ही उनके समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी है। वहीं, अस्‍पताल के बाहर हालात को काबू पाने के लिए भारी संख्‍या में पुलिसबल को तैनात कर दिया गया है। बता दें कि जयललिता करीब दो माह से अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है। विशेषज्ञों की टीम फिलहाल उनकी इलाज में जुटी है। जयललिता को रविवार की शाम को ही कार्डियक स्ट्रोक हुआ। लेकिन इस बात की जानकारी अस्पताल ने रात में दी।
 
इस समय भी अस्‍पताल के बाहर जयललिता के समर्थकों की भारी भीड़ मौजूद है। समर्थक रो-रोकर उनके जल्‍द स्‍वस्‍थ होने को लेकर प्रार्थना कर रहे हैं। जयललिता के लिए दुआओं का दौर जारी है। अम्मा के लाखों समर्थकों ने उनके जल्द ठीक होने की कामना शुरू कर दी। अस्पताल को चारों ओर से बेरीकेडिंग करके घेर लिया गया है।
 
दूसरी ओर, प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है।  पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मुस्तैद रहने के आदेश दिए गए हैं। अर्धसैनिक बलों को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, रैपिड एक्शन फोर्स की नौ यूनिट को जरूरत पड़ने पर भेजने के लिए तैयार रखा गया है। सूत्रों के मुताबिक गमगीन माहौल के बीच अ‌र्द्धसैनिक बलों को तैनाती के लिए अलर्ट किया गया है।
दिल्‍ली के एम्‍स से विशेषज्ञ डाक्‍टरों की टीम चेन्‍नई जाने के लिए तैयार है। वहीं, लंदन के डॉक्‍टरों से भी संपर्क किया गया है। AIADMK सांसद, विधायक इस समय अपोलो अस्‍पताल में मौजूद हैं। 
 
अपोलो अस्पताल ने रविवार रात एक ट्वीट में बताया कि चिकित्सक जयललिता की स्थिति पर करीबी निगाह रखे हुए हैं और अपनी ओर से सर्वश्रेष्ठ करने का प्रयास कर रहे हैं। अपोलो अस्पताल की संयुक्त प्रबंध निदेशक संगीता रेड्डी ने ट्विटर पर लिखा, "हमारे चिकित्सक माननीय मुख्यमंत्री की स्थिति पर करीबी निगाह रखे हुये हैं और अपनी ओर से सर्वश्रेष्ठ करने का प्रयास कर रहे हैं।" इससे पहले उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा था कि 68 वर्षीय जयललिता की स्थिति गंभीर है। साथ ही उन्होंने बताया था कि अन्नाद्रमुक प्रमुख को एक्स्ट्राकारपोरल मेम्ब्रेन हार्ट असिस्ट डिवाइस पर रखा गया है और विशेषज्ञ चिकित्सकों तथा गंभीर उपचार विशेषज्ञों का दल उनका इलाज कर रहा है।
 
अस्‍पताल में भर्ती जयललिता की सेहत को देखते हुए चेन्‍नई में सुरक्षा के पुख्‍ता इंतजाम किए गए हैं। वहीं, चेन्‍नई में सीएम आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। तमिलनाडु के सभी पुलिस अधिकारी अलर्ट पर रखे गए हैं। दूसरी ओर, राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने जयललिता के जल्‍द ठीक होने की कामना की है। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सभी जयललिता के जल्‍द स्‍वस्‍थ होने की कामना करें। केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री जेपी नड्डा ने अपोलो अस्‍पताल के चेयरमैन से बात की है। वहीं, राज्‍यपाल ने अस्‍पताल पहुंचकर जानकारी ली है।
 
गौर हो कि जयललिता करीब ढाई महीने से बीमार चल रही हैं। उन्हें कमजोरी और बुखार से पीडि़त होने के बाद बीते 22 सितंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन बाद में इलाज के दौरान उनके फेफड़े में संक्रमण के चलते सांस लेने में भी दिक्कत होने लगी थी। तब से उनका इलाज अपोलो अस्पताल में ही चल रहा है।


न्यूज़पेपर में दिया गया जॉब कोड दिए गए    Textbox में दर्ज करे और जॉब सर्च करे



Quick Links