Visitors online: 004

दिल्‍ली-एनसीआर समेत पूरे उत्‍तर भारत में घना कोहरा, 94 ट्रेनें लेट, कई उड़ानों में देरी

Home » Headlines

कई राज्‍यों में गुरुवार तड़के घना कोहरा छाया रहा, जिसके कारण सड़क, रेल व हवाई यातायात खासा प्रभावित हुआ है। आज सुबह घना कोहरा छाया रहने के कारण दो ट्रेनों को रद्द कर दिया गया और 94 ट्रेनों के परिचालन में देरी हुई है। वहीं, कोहरे की वजह से 15 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कम दृश्यता के कारण ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई।
 
कोहरे का रेल यातायात और हवाई सेवाओं पर खासा असर पड़ा है। दिल्‍ली से उड़ने वाली कई उड़ानों में देरी हुई है। कोहरे की वजह से इंदिरा गांधी इंटरनेशनल हवाईअड्डे से उड़ने वाली कई उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं। कोहरे के चलते 6 अंतरराष्ट्रीय और 7 घरेलू फ्लाइट्स लेट हैं जबकि 1 घरेलू फ्लाइट को रद्द किया गया है। दिल्‍ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर कोहरे की वजह से एक उड़ान को रद्द कर दिया गया है।
 
दिल्‍ली में सड़क यातायात भी खासा प्रभावित हुआ है। कोहरे की वजह से विजिबलिटी काफी कम हो गई है। कोहरा इतना घना है कि 10 मीटर देखना भी मुश्किल हो गया है। राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार तड़के घना कोहरा छाया रहा जिसके कारण दो ट्रेनों को रद्द कर दिया गया जबकि कम दृश्यता के कारण 94 अन्य ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे पीछे चल रही हैं। मौसम विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, सुबह साढ़े पांच बजे दृश्यता का स्तर 400 मीटर दर्ज किया गया जो तीन घंटे के बाद घट कर 100 मीटर रह गया।
 
सुबह साढ़े आठ बजे आद्र्रता का स्तर 97 प्रतिशत दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम का सामान्य तापमान समझा जाता है। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि दो ट्रेन सेवाओं को रद्द कर दिया गया है जबकि घने कोहरे के कारण 94 अन्य ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे पीछे चल रही हैं। मौसम विभाग ने अनुमान व्यक्त किया है कि दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होता जाएगा। उन्होंने बताया कि अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के करीब बना रहेगा। कल का न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 11.2 और 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
 
उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों से कोहरा काफी घना हो गया है। शाम होते ही कोहरे की चादर घनी होनी शुरू हो जाती है और रात में घने कोहरे के आगोश में वातावरण आ जाता है। अगले दिन दोपहर होते होते कोहरे की चादर छाई रहती है। उत्तर प्रदेश में कोहरे के घना होने के पीछे यहां पर बना एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बताया जा रहा है।
 
उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्से कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। राज्य के अनेक भागों में आज भी घना कोहरा छाया रहा और राजधानी लखनऊ में तो सूर्य के दर्शन ही नहीं हुए। करीब दो दिन पहले अचानक करवट बदलने वाले मौसम में पिछले 24 घंटे के दौरान कई मण्डलों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की गयी लेकिन गलन की वजह से लोगों को ठिठुरन भरी सर्दी का सामना करना पड़ा। अनेक स्थानों पर लोग ठंड से बचाव के लिये अलाव का सहारा लेते दिखायी दिये। अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के अनेक हिस्सों में कोहरा गिरने का अनुमान है। पूर्वी भागों में अनेक स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है। उत्तर प्रदेश के अनेक हिस्सों में गलन भरी सर्दी का असर बना हुआ है। पिछले 24 घंटे के दौरान भी प्रदेश के विभिन्न भागों में कोहरा छाया रहा।
 
हरियाणा और पंजाब के कई स्थानों पर आज तड़के घना कोहरा छाया रहा जिसके कारण क्षेत्र में सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुयी। उत्तरी मैदानों में अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से उपर दर्ज किया गया। यहां के मौसम विभाग के मुताबिक, अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, जालंधर, अंबाला, कुरूक्षेत्र, करनाल और पानीपत सहित कई स्थानों पर कोहरे के कारण दृश्यता का स्तर कम दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में भी कोहरे के कारण दृश्यता के स्तर में कमी आयी।


न्यूज़पेपर में दिया गया जॉब कोड दिए गए    Textbox में दर्ज करे और जॉब सर्च करे



Quick Links